डबरा सिटी ग्राम पंचायत बडेरा खुर्द में कथित रूप से अवैध शराब बेचने और सेवन करने से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब में खतरनाक केमिकल मिलाया गया, जिसके कारण 8 से 9 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। इनमें से कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक बीमारों का इलाज अस्पताल में जारी है और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा है। उनका कहना है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर रोक लगाने में नाकाम रहा है। लोगों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और अवैध शराब बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की माँग की है।
डबरा। शहर का शिक्षा विभाग इन दिनों सवालों के घेरे में है। नव कांति स्कूल से धर्मांतरण से जुड़े आरोप सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
सूत्रों के अनुसार, स्कूल परिसर में संदिग्ध धार्मिक सामग्री मिलने और बच्चों को लेकर आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत अभिभावकों व सामाजिक संगठनों ने की। इस पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और बच्चों के पालक मौके पर पहुँच गए और विरोध दर्ज कराया।
विवाद बढ़ने पर शिक्षा विभाग और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए। अभिभावकों का आरोप है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और मामले को दबाने की कोशिश की गई।
घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों और संगठनों का कहना है कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
दतिया। शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े और एसपी श्री सूरज कुमार वर्मा आज साइकिल से शहर भ्रमण पर निकले।
कलेक्टर और एसपी ने प्रशासनिक अफसरों एवं नगर पालिका अमले के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था देखी और जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर को स्वच्छ रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साइकिल पर शहर भ्रमण कर कलेक्टर और एसपी ने नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और सहयोग करने का संदेश दिया।
दतिया, 25 अगस्त 2025। शिक्षा में नवाचार और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, दतिया में डिजिटल क्लासरूम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री वानखड़े ने कहा कि डिजिटल क्लासरूम विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे स्मार्ट शिक्षण पद्धतियों का अधिकतम उपयोग कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें।
डिजिटल क्लासरूम की शुरुआत से अब विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
डबरा/दतिया। डबरा–दतिया सिंध पुल पर बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 5 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
नागरिकों ने नगर पालिका की लापरवाही को दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि आवारा मवेशियों की उचित व्यवस्था न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं और बेजुबान जानवर अपनी जान गंवा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही डबरा थाना प्रभारी श्री यशवंत गोयल मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दतिया, 24 अगस्त 2025। दतिया स्थित गहोई धर्मशाला में ब्रह्माकुमारी आश्रम द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शिविर में पहुँचकर सहभागिता की।
समारोह में आश्रम की आदरणीय दीपा बहन जी भी मौजूद रहीं। डॉ. मिश्रा ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि “रक्तदान करना केवल जीवन ही नहीं बचाता, बल्कि यह समाज में मानवता और करुणा की सच्ची मिसाल है।”
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजसेवियों ने रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
दतिया, 26 अगस्त 2025। आज दतिया जिले में शिक्षा और कृषि क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती संध्या राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल सहित दतिया जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह संस्थान दतिया सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में कृषि अनुसंधान और आधुनिक खेती की दिशा में नए अवसर खोलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह सब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘शिक्षा के साथ कृषि’ को जोड़ने की सोच का परिणाम है।
हालांकि कार्यक्रम स्थल पर माननीय प्रधानमंत्री की कोई तस्वीर प्रदर्शित नहीं थी, जिसे लेकर कई नागरिकों ने आश्चर्य भी व्यक्त किया।
बुरहानपुर। गणेशोत्सव के दौरान बुरहानपुर में बड़ा हादसा हो गया। बताया गया कि 12 फीट ऊँची गणेश प्रतिमा ले जाते समय सड़क पर बने गड्ढों की वजह से प्रतिमा असंतुलित होकर गिर गई। इस हादसे में खंडवा निवासी शशांक जोशी (26 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना पर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा —
“मुख्यमंत्री जी, यह सिर्फ हादसा नहीं बल्कि सरकारी हत्या है। दोषी पूरी सरकार और भाजपा द्वारा बनाया गया भ्रष्ट सिस्टम है। इस अक्षम्य अपराध के जिम्मेदारों पर तत्काल हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए और पीड़ित परिवार को न्यूनतम 1 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि तत्काल दी जाए।”
पटवारी के बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और शोक दोनों व्याप्त हैं।
बड़ौनी। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा रविवार को बड़ौनी स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने सर्व जातीय 1108 कुण्डीय चंडी महायज्ञ के भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर पूज्य संत प. कृष्णनंद शास्त्री महाराज सहित संतजनों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाहा, बड़ौनी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अहिरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष दतिया धीरू दांगी एवं जनपद अध्यक्ष ब्रजेश यादव भी उपस्थित रहे।
तहसीलदार श्रीमती रुचि अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
ग्वालियर। जिला प्रशासन द्वारा नीट एवं जेईई परीक्षाओं की तैयारी करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन कोचिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों को न केवल विशेषज्ञ विषय शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जा रहा है बल्कि समय-समय पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में तहसीलदार श्रीमती रुचि अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए परीक्षा की तैयारी को लेकर कई उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि –
हड़प्पा सभ्यता जैसे विषयों के शॉर्ट नोट्स बनाएं।
प्रश्न लिखते समय स्पीड पर ध्यान दें और पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास करें।
टॉपिक को 3–4 बार ध्यान से पढ़कर ही नोट्स बनाएं ताकि कम समय में रिवीजन संभव हो।
नियमित दिनचर्या बनाएँ, व्यायाम व मनोरंजन के साथ पढ़ाई में संतुलन रखें।
सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें और करंट अफेयर्स के लिए मासिक पत्रिकाओं का अध्ययन करें।
सफलता हेतु ईमानदारी, आत्मविश्वास और सही रणनीति आवश्यक है।
इस दौरान शिक्षिका सुश्री शिखा अग्रवाल ने गणित विषय में संख्याओं का क्रम और भिन्न को विस्तार से समझाया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान के मार्गदर्शन में, नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक कुमार और आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा के सहयोग से ग्वालियर में यूपीएससी, एमपीपीएससी, नीट व जेईई की तैयारी हेतु नि:शुल्क कोचिंग कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं। इनमें अनुभवी अधिकारियों व विषय विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन दिया जा रहा है।