डबरा। प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था खड़बई में खाद वितरण में अनियमितता पाए जाने पर समिति प्रबंधक श्री ओमप्रकाश साहू को निलंबित कर दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी डबरा श्री दिव्यांशु चौधरी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डबरा द्वारा संस्था का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता सामने आने पर उपायुक्त सहकारिता जिला ग्वालियर से जांच कराई गई।
जाँच प्रतिवेदन में समिति प्रबंधक पर गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई, जो पैक्स कर्मचारी सेवा नियम 1913 के अध्याय 6 की कंडिका 23 के अंतर्गत गंभीर दुराचार की श्रेणी में आती है।
इसी आधार पर श्री साहू को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संस्था खड़बई रहेगा तथा उन्हें नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
