डबरा के सराफा बाजार में रेडीमेड दुकान में भीषण आग, करीब 10 लाख का नुकसान
डबरा।
शहर के सराफा बाजार स्थित कृष्ण मेन्स वियर दुकान में आज सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े आग की लपटों में जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद कपिल चौहान तत्काल मौके पर पहुँचे और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम को बुलवाकर आग पर काबू पाया। समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंचने से आसपास की अन्य दुकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।
दुकान संचालक जीतू सोनी ने बताया कि दीपावली का त्योहार नज़दीक होने के कारण दुकान में लगभग 5 से 7 लाख रुपए तक का माल रखा हुआ था, जबकि करीब 3 लाख रुपए का फर्नीचर भी आग में जलकर नष्ट हो गया।
इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो आगजनी से आसपास का पूरा बाजार चपेट में आ सकता था। फिलहाल पुलिस और नगरपालिका टीम द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
