स्वतंत्रता दिवस पर ग्वालियर में मंत्री श्री कुशवाह करेंगे ध्वजारोहण जिले में हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मनाई जाएगी स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ
ग्वालियर — गौरवशाली भारतवर्ष की स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ इस वर्ष ग्वालियर जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम और गरिमामय ढंग से मनाई जाएगी। जिले का मुख्य समारोह 15 अगस्त को कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर होगा, जिसमें मुख्य अतिथि उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह होंगे।
समारोह में मंत्री श्री कुशवाह प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद शांति और सुख-समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े जाएंगे। इस दौरान हर्ष फायर और “राष्ट्रपति जी की जय” के नारे गूंजेंगे। इसके पश्चात सुरक्षा बलों की सशस्त्र टुकड़ियां, एनसीसी, स्काउट-गाइड आदि मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी देंगी।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों और संस्थाओं को मंत्री श्री कुशवाह द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का संदेश भी होगा प्रसारित
मुख्य समारोह में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 9:25 से 9:55 बजे तक संदेश वाचन करेंगे। इसके बाद मंत्री श्री कुशवाह स्वतंत्रता दिवस पर संक्षिप्त बधाई संदेश देंगे।
13 अगस्त को होगी अंतिम रिहर्सल
संयुक्त परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल बुधवार 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे एसएएफ मैदान में आयोजित होगी, जो निर्धारित समय और शेड्यूल के अनुसार पूरी की जाएगी।
