अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैन वरैया महासभा का सामूहिक क्षमावाणी एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
ग्वालियर। अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैन वरैया महासभा के तत्वावधान में कंपू स्थित महावीर भवन पर सामूहिक क्षमावाणी पर्व एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित हुआ।
समारोह में लगभग 800 समाजजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं महाराष्ट्र सहप्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा— “क्षमा मांगना जितना कठिन है, उससे कहीं अधिक कठिन है क्षमा करना। जैन समाज का यह क्षमावाणी पर्व पूरी दुनिया के लिए अनूठा उदाहरण है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएसपी रॉबिन जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद धर्मेन्द्र प्रेमलता जैन, राजेंद्र जैन, राजेश जैन, कुशलचन्द्र जैन एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
समारोह में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर “अनमोल रत्न” सम्मान से नवाजा गया। साथ ही महासभा की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जैन समाज प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि कार्यक्रम में आगरा, मुरैना, शिवपुरी, डबरा समेत कई जिलों से समाजजन पहुंचे।
