ग्वालियर। जिला नियमित टीकाकरण सूक्ष्म नियोजन एवं पल्स पोलियो कार्यशाला शुक्रवार को सम्पन्न हुई। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के जिला और खण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. एम.एस. राजावत ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। वहीं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि ग्वालियर जिले में 2011 के बाद से पोलियो का कोई केस सामने नहीं आया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 12 अक्टूबर को जिलेभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। जन्म से पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जो बच्चे 12 अक्टूबर को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 13 और 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
