कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने किया ज्ञानोदय विद्यालय का निरीक्षण
ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र शर्मा ने संभागीय आवासीय ज्ञानोदय विद्यालय हुरावली का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों द्वारा छात्रावास एवं शैक्षणिक कार्य से जुड़ी समस्याओं को उठाए जाने पर अधिकारियों ने विद्यालय पहुँचकर छात्रों से चर्चा की और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद तत्काल प्रभाव से विद्यालय में साफ-सफाई, बिजली फिटिंग, स्वच्छ पेयजल हेतु आरओ, मच्छरों से बचाव हेतु ऑल आउट की व्यवस्था कराई गई। साथ ही छात्रावास की अन्य समस्याओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संभागीय आयुक्त को प्रतिवेदन भेजकर आग्रह किया है कि विद्यालय की व्यवस्थाओं का निराकरण शासन एवं संभागीय स्तर से कराया जाए और इसके लिये किसी वरिष्ठ अधिकारी को जवाबदेही सौंपी जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अतुल सिंह, सहायक आयुक्त श्री राजेन्द्र शर्मा एवं प्राचार्य श्रीमती सीमा तोमर ने मैस संचालन, कोचिंग, नई बैडशीट, खेल सामग्री और पानी की टंकी की सफाई जैसे कार्यों पर तुरंत कार्रवाई प्रारंभ कर दी। छात्रों ने बताया कि उनकी मैस और कोचिंग की समस्या अब ठीक कर दी गई है, वहीं विद्युत व्यवस्था सुधार का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
