मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में ग्वालियर में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजमाता विजयाराजे सिंधिया तिराहे से बारादरी मुरार तक निकली इस यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, नगर निगम सभापति मनोज तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, एनसीसी कैडेट, भूतपूर्व सैनिक, विद्यार्थी, दिव्यांग और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा — “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना के पराक्रम को नमस्कार करने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में सेना का साहसिक प्रदर्शन हम सबके लिए गर्व की बात है।”
📍 यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत और तिरंगों से सजा नज़ारा लोगों में देशभक्ति का जोश भर गया। 📍 कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने भी बाइक पर सवार होकर यात्रा में सहभागिता की।
ग्वालियर — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को राजकीय विमान से ग्वालियर पहुंचे। उनके साथ प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल भी पधारे। विमानतल पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) श्री जयप्रकाश राजौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) श्री प्रेम सिंह राजपूत एवं पूर्व मंत्री श्री रामनिवास रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद सक्सेना, डीआईजी श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दतिया — कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े (IAS) ने आज सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान की समीक्षा की और तिरंगे से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने संजीवनी क्लीनिक, पीएम विश्वकर्मा योजना, सीएम हेल्पलाइन, फसल बीमा सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर समय सीमा में निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
दतिया — हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता अभियान के तहत दतिया का गौरव और ऐतिहासिक धरोहर वीर सिंह पैलेस आज तिरंगे के रंगों में निखरकर और भी भव्य रूप में चमक बिखेर रहा है। रात के समय महल पर तिरंगे की रोशनी बिखरी तो पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। रंग-बिरंगी लाइटों और तिरंगे की थीम वाली सजावट ने नज़ारे को और भी शानदार बना दिया। देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश देने वाले इस आयोजन ने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। तिरंगे की रोशनी में नहाया यह ऐतिहासिक किला न केवल पर्यटन आकर्षण बना, बल्कि एकता और सम्मान का प्रतीक भी दिखाई दिया।
डबरा — भाजपा नेता जितेंद्र गुप्ता की भतीजी एवं मुन्ना लाल गुप्ता (अध्यक्ष, गहोई वैश्य समाज डबरा) की पोतीदिया गुप्ता का 18वां जन्मदिन इंपीरियल गोल्फ रिसॉर्ट, ग्वालियर में भव्य तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई राजनीतिक हस्तियां, व्यापारी वर्ग और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दिया गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
महाकाल ग्रुप ने इस अवसर पर पधारे सभी अतिथियों का तहे दिल से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके आशीर्वाद से यह दिन और भी यादगार बन गया।
डबरा — मध्य प्रदेश शासन के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत डबरा में प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए सम्पन्न हुई। इस अवसर पर एसडीएम दिव्यांशु चौधरी, नगर पालिका सीएमओ, पार्षदगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं एकता का संदेश दिया।
दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देश पर सेवड़ा एसडीएम अशोक अवस्थी के मार्गदर्शन में रविवार देर रात इंदरगढ़ और सेवड़ा तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में राजस्व विभाग, खनिज विभाग और पुलिस बल शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि ग्राम नीमडांडा में अवैध रूप से उत्खनन कर विक्रय हेतु रखे गए लगभग 3500 डंपर (एक लाख घन मीटर) रेत और एक एलएनटी मशीन जब्त की गई।
इंदरगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम तिलैथा से लगभग 500 डंपर (12,500 घन मीटर), ग्राम लांच से करीब 300 ट्रॉली (900 घन मीटर) और ग्राम खैरोना घाट के दो अलग-अलग स्थानों से करीब 1250 ट्रॉली (3,750 घन मीटर) अवैध रेत भंडारण जब्त किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई रेत और मशीनरी की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भोपाल — कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लगभग 30 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ₹3,200 करोड़ की पहली किस्त सीधे जमा की जा रही है।
उन्होंने बताया —
“यह तो पहली किस्त है। जिन किसानों के खातों में आज राशि नहीं पहुंचे, वे चिंता न करें। लगभग ₹8,000 करोड़ की शेष राशि बाद में जारी की जाएगी।”
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह योजना आपदा पीड़ित किसानों के लिए “वरदान” बन गई है। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि बीमा कंपनी क्लेम के बाद तय समय सीमा में पैसा नहीं जमा करती है, तो उसे 12% ब्याज देना होगा, जो सीधे किसान के खाते में जाएगा।
कृषि मंत्री ने किसान भाइयों-बहनों से अपील की —
“आपकी सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। यदि फसल बीमा योजना से संबंधित कोई भी शिकायत हो, तो मुझे अवश्य बताएं। हम सदैव आपके साथ खड़े हैं।”
भितरवार। भितरवार विधानसभा के विधायक मोहन सिंह राठौर ने जानकारी दी कि हर्षी हाई लेवल नहर में आज से पानी छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और खरीफ फसलों की सिंचाई में कोई परेशानी नहीं आएगी।
विधायक राठौर ने बताया कि लंबे समय से किसानों की यह मांग थी कि नहर में पानी छोड़ा जाए ताकि खेतों तक समय पर पानी पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए यह कदम समय पर उठाया गया है।
स्थानीय किसानों ने भी विधायक के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में नहर से पानी की आपूर्ति लगातार बनी रहेगी।
दतिया: पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के पटवारी फार्म हाउस में आयोजित टिफिन गोट कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का एकमात्र उद्देश्य सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करना होना चाहिए।
डॉ. मिश्रा ने कहा, “हमें किसी भी प्रकार की राजनीति से ऊपर उठकर केवल जनता के सर्वांगीण विकास की चिंता करनी चाहिए। यही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि प्रदेश और देश दोनों तरक्की कर सकें।”
कार्यक्रम में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसका संगठित कार्यकर्ता वर्ग है, जो विकास के संदेश को जनता तक पहुंचाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। डॉ. मिश्रा ने आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।