पीएम आवास 2.0 योजना के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आयोजित, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
दतिया: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हर नागरिक को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई
प्रधानमंत्री आवास 2.0 योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आज दतिया कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखडे ने की।
बैठक में समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों की सूची शीघ्रता से तैयार की जाए और अपात्र हितग्राहियों को रिजेक्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिन हितग्राहियों के दस्तावेज़ों में कोई कमी हो, उनसे शपथ पत्र लेकर निर्धारित समय में आवश्यक कागजात प्राप्त किए जाएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की जन कल्याणकारी योजना का उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। 11 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देशभर के पात्र हितग्राहियों को पहली किश्त की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसी के तहत दतिया जिले में भी व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों से अनुरोध किया कि दतिया में योजना का 100% लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी को उनके अधिकारों का पूर्ण लाभ मिल सके।
