शिवपुरी जिले में हर ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर, ग्रामीण होंगे बीमा सुरक्षा योजनाओं से लाभान्वित – कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिए कि जन सुरक्षा अभियान के तहत हर ग्राम पंचायत में बैंकों के साथ समन्वय बनाकर शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना जैसी योजनाओं से जोड़ा जाए तथा जनधन खातों की ई-केवायसी प्रक्रिया को भी प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक जिले की 189 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाते खुलवाए गए हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का बीमा व पेंशन योजनाओं में नामांकन किया गया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को जागरूक किया जाए कि वे अपने बैंक खातों में बीमा योजनाओं के वार्षिक नवीनीकरण हेतु आवश्यक राशि अवश्य रखें। साथ ही बैंकों के प्रबंधकों को भी इस दिशा में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, श्री सी. बी. प्रसाद, लीड बैंक अधिकारी श्रीमती अमिता शर्मा तथा जिले के सभी एसडीएम मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
