मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तेंदूखेड़ा और जबेरा के किसानों को 3 करोड़ 3 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक से हस्तांतरित
This is the heading
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को समत्व भवन निवास, भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से तेंदूखेड़ा और जबेरा के किसानों के खातों में 3 करोड़ 3 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि हस्तांतरित की।
कार्यक्रम में दमोह एनआईसी कक्ष से प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि सरकार संकट की घड़ी में किसानों और आमजनों के साथ मजबूती से खड़ी है। जबेरा क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसल का तुरंत सर्वे कराकर मुआवजा उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि अब तक जबेरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
किसानों ने राहत राशि मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी का आभार व्यक्त किया और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
