इंदरगढ़ ब्रेकिंग : साइकिल वितरण से पहले ही सड़क पर उतारी गई साइकिलें, वीडियो वायरल
इंदरगढ़। सेवड़ा रोड स्थित इंदरगढ़ नगर में गुरुवार शाम लगभग 4 बजे एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्रों को वितरण के लिए स्कूलों में जा रही साइकिलों से भरा एक लोडिंग वाहन सड़क किनारे खड़ा है और दो लोग वाहन से साइकिल उतारकर अपने घर की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
इस घटना को लेकर नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सवाल उठ रहा है कि ये लोग कौन हैं – क्या शिक्षा विभाग के कर्मचारी हैं या शिक्षक? और क्या वास्तव में छात्रों को वितरण से पहले ही साइकिलें घर ले जाई जा रही हैं?
📌 उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए साइकिल वितरण योजना चलाई जा रही है। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या विद्यार्थियों तक साइकिलें नियम अनुसार पहुँच रही हैं। विपक्ष पहले भी इस योजना में गड़बड़ियों के आरोप लगा चुका है।
शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “यह हमारे क्षेत्र की घटना नहीं है, साइकिलें किस स्कूल के लिए भेजी जा रही थीं और वाहन से रास्ते में ही क्यों उतारी गईं – यह जांच का विषय है।”
👉 अब देखना होगा कि बच्चों के हक पर डाका डालने वाले लोगों के खिलाफ शिक्षा विभाग और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
