कटनी माइनिंग कॉन्क्लेव पर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का सवाल
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितू (जीतू) पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 23 अगस्त को कटनी में आयोजित होने जा रहे माइनिंग कॉन्क्लेव 2.0 पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पटवारी ने पत्र (क्रमांक 10142/25, दिनांक 22/08/2025) में आरोप लगाया है कि यह कॉन्क्लेव प्रदेश की खनिज संपदा के सतत और पारदर्शी उपयोग के बजाय खनन माफियाओं को संरक्षण देने का मंच बनकर रह जाएगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज अवैध खनन और संगठित अपराधों के लिए बदनाम हो चुका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक पर हमले हो चुके हैं और कई भाजपा नेताओं पर माफियाओं से संबंध रखने के आरोप लगे हैं।
पटवारी ने मुख्यमंत्री से सवाल किए—
क्या कॉन्क्लेव में खनन माफियाओं पर कार्रवाई की ठोस रूपरेखा भी रखी जाएगी?
कितने माफिया जेल में हैं और कितनों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है?
माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा क्यों सुनिश्चित नहीं की गई?
कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि प्रदेश सरकार अवैध खनन पर लगाम कसने हेतु विशेष टास्क फोर्स का गठन करे और जनता की संपदा को माफियाओं से बचाए।
