उचाड सरपंच श्री मृगेन्द्र चतुर्वेदी जी के पुत्र किशनचंद्र चतुर्वेदी का शव आज सुबह लगभग 7 बजे नदी से बरामद हुआ। घटना अत्यंत ही दुखद है।
ग्रामीण क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवार को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगत आत्मा को शांति मिले। ॐ शान्ति 🙏
ग्वालियर। जिले में रेत सहित अन्य खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर राजस्व, वन, खनिज और पुलिस की संयुक्त टीम ने विकासखंड घाटीगाँव के ग्राम चैत में स्थित वन भूमि पर कार्रवाई की।
तहसीलदार विकास भदौरिया के अनुसार, टीम ने अवैध उत्खनन में उपयोग की जा रही पाँच मोटर और लगभग 20 पाइप जब्त किए। जब्त मोटर और पाइप वन विभाग को सुपुर्द कर दिए गए हैं। साथ ही अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ वन व खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ग्वालियर। जिले के किसान भाइयों को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा मौसम को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण सलाह दी गई है। विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वर्तमान में तापमान अधिक होने के कारण अभी सरसों की बुवाई न करें।
विभाग के अनुसार, सरसों की बुवाई तब करें जब तापमान 28 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो, क्योंकि अधिक तापमान में बुवाई करने से अंकुरण नष्ट हो सकता है और कीट प्रकोप की संभावना बढ़ जाती है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास, श्री रणवीर सिंह जाटव ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में ही सरसों की बुवाई करें। इससे बीज और खाद की हानि से बचा जा सकेगा और सरसों की अच्छी पैदावार सुनिश्चित होगी।
शिवपुरी। पोहरी कस्बे में पत्रकार देवीसिंह जादौन पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने प्राणघातक हमला किया। कुछ समय पहले दुकान के सामने गाय बैठने को लेकर हुए विवाद में आरोपी जावेद खान और छम्मो खान ने तलवार से दो लोगों पर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने उनका जुलूस भी निकाला था।
जेल से छूटने के बाद दोनों आरोपियों ने पत्रकार देवीसिंह जादौन पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना से पत्रकारों में गहरा आक्रोश फैल गया और उन्होंने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपियों पर कठोर कार्रवाई और जिला बदर की माँग की गई।
हमले के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपी जावेद और छम्मो खान के मकान पर हिटेची चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। उधर, स्थानीय नागरिकों ने भी प्रदर्शन कर चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
डबरा। जय महाकाली उत्सव समिति (रजि.) की ओर से इस वर्ष भी माँ महाकाली का वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्सव की शुरुआत 22 सितम्बर, सोमवार को प्रातः 8 बजे कलश यात्रा से होगी, जो परशुराम चौक थाने के सामने से निकलकर महाकाली प्रांगण पहुँचेगी।
समिति के अनुसार 29 सितम्बर को सायं 8 बजे महाआरती एवं छप्पन भोग, 2 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे माता विसर्जन तथा 3 अक्टूबर को सायं 4 बजे से भण्डारे का आयोजन होगा।
प्रतिदिन आरती प्रातः 8 बजे, दोपहर 12 बजे, सायं 8 बजे और रात्रि 12 बजे संपन्न होगी। समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
मध्य प्रदेश शासन की सभी सरकारी वेबसाइट्स पर मौजूद ईमेल आईडी और फोन नंबर की सच्चाई पर सवाल उठाया गया है। सवाल यह है कि कितने ऐसे संपर्क हैं जिनका वास्तव में जवाब आता है या रिप्लाई मिलता है।
सोशल मीडिया पर यह विषय तेजी से चर्चा में है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी अनुभव साझा करें – ✅ किस विभाग या वेबसाइट से संपर्क किया ✅ कितने दिन में रिप्लाई मिला ✅ जवाब संतोषजनक था या नहीं
इस प्रयास का उद्देश्य है कि सभी सरकारी विभागों की वास्तविक उत्तरदायित्व सूची तैयार की जा सके और नागरिकों को सीधे और सही जानकारी मिल सके।
💬 लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। यह अभियान स्मार्ट शासन और पारदर्शिता की दिशा में एक कदम है।