337433pwpadmin

किसानों की पानी की समस्या का निराकरण करेंगे विधायक सुरेश राजे

डबरा, 21 अगस्त 2025। किसानों की पानी की समस्या के निराकरण के लिए डबरा विधायक सुरेश राजे गुरुवार को अधिकारियों के साथ बेरु हेड सहित डी-15, डी-16 एवं डी-17 नहरों पर पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान विधायक राजे ने अधिकारियों से चर्चा कर सिंचाई हेतु समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के अन्नदाताओं को भरोसा दिलाया कि—
👉 “किसान चिंता न करें, पानी की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।”

विधायक के इस कदम से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली और कहा कि अब उन्हें सिंचाई को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

भारत विकास परिषद की वंदे मातरम् उद्घोष प्रतियोगिता संपन्न

डबरा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद शाखा डबरा द्वारा वंदे मातरम् उद्घोष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत सुबह 10:30 से 12:30 बजे तक फोन कॉल रिसीव किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने “हैलो” की जगह “वंदे मातरम्” बोला। इस दौरान लगभग 2500 कॉल दर्ज की गईं।

सायं 4:30 बजे तिवारी मैरिज गार्डन में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि आर.एस. सैनिक (डायरेक्टर, वनखंडेश्वर स्कूल) ने सभी से हैलो की जगह “वंदे मातरम्” बोलने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र शर्मा (सेवानिवृत्त एसडीओ, लोक निर्माण विभाग) ने प्रतियोगिता को राष्ट्रहित में आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. हेमंत मोदी, अध्यक्ष डॉ. एन.आर. माहौर (प्रोफेसर), सचिव डॉ. ध्यानेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष राजीव शिवहरे सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन डॉ. प्रदीप शर्मा ने किया।

पुरस्कार वितरण लॉटरी सिस्टम से हुआ।

  • प्रथम पुरस्कार (साइकिल) मदन सोनी को

  • द्वितीय पुरस्कार (मिक्सर) इमरान खान को

  • तृतीय पुरस्कार जितेन्द्र मौर्य को मिला।

लगभग 400 लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। साइकिल, मिक्सर, मोबाइल, पंखा, डिनर सेट, सूटकेस, चाय केतली सहित कई पुरस्कार वितरित किए गए।

कार्यक्रम स्थल तिवारी मैरिज गार्डन पप्पू प्रजापति के सौजन्य से उपलब्ध कराया गया।

डबरा देहात पुलिस ने एक महिला जेल प्रहरी को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपए वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवम चौबे, निवासी ग्वालियर, के रूप में हुई है।

ग्वालियर। डबरा देहात पुलिस ने एक महिला जेल प्रहरी को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपए वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवम चौबे, निवासी ग्वालियर, के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला वर्तमान में डबरा जेल में पदस्थ हैं। तीन साल पहले उनकी पोस्टिंग दतिया जेल में थी, तभी उनकी आरोपी से जान-पहचान हुई थी। मार्च 2024 में शिवम ने महिला को अपने किराए के कमरे पर बुलाया और वहां उसके आपत्तिजनक फोटो खींच लिए। इसके बाद उसने फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने शुरू कर दिए।

महिला ने भय के कारण फोनपे और नकद मिलाकर करीब 20 लाख रुपए आरोपी को दे दिए। लगातार परेशान होने के बाद उन्होंने डबरा देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में धारा 308, 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया कि शिवम चौबे पर पहले से दतिया और शिवपुरी में लूट व आर्म्स एक्ट सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि महिला जेल प्रहरी से ब्लैकमेल कर रुपए वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर कई संगीन अपराध दर्ज हैं और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

डबरा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दी श्रद्धांजलि

डबरा। कांग्रेस विधायक सुरेश राजे ने मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

विधायक राजे ने कहा कि नेताजी ने देश की आज़ादी के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया था। उनके त्याग और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा की राह पर चलने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नेताजी को नमन किया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

धूमेश्वर धाम : शिव महापुराण कथा के भंडारे में संतों का आगमन

धूमेश्वर धाम में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत सोमवार, दिनांक 18 अगस्त 2025 को विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।

परम पूज्य गुरुदेव भगवान के सानिध्य में आयोजित इस भंडारे में विभिन्न संत-महात्माओं का आगमन हुआ। संतों के साथ ही बड़ी संख्या में भक्तों ने भी प्रसादी ग्रहण कर धार्मिक व आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।

धाम परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल रहा और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे।

बाबा महाकाल की राजसी सवारी में उमड़ा आस्था का सागर

उज्जैन की पावन नगरी आज श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रही। सोमवार को भगवान महाकाल की परंपरागत राजसी सवारी निकाली गई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु पथ पर उपस्थित होकर बाबा महाकाल के दर्शन लाभ के लिए उमड़ पड़े।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने भी सवारी में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोषों के साथ राजाधिराज बाबा महाकाल का स्वागत किया।

गोपाल मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव आज, राधा-कृष्ण होंगे बेशकीमती आभूषणों से सुसज्जित

ग्वालियर।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन आज 16 अगस्त 2025 को फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में बड़े हर्षोल्लास से किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होने वाले इस महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा को प्राचीन बेशकीमती आभूषणों से सजाया जाएगा।

महोत्सव की तैयारियों का जायज़ा लेने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने गोपाल मंदिर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि विगत कई वर्षों से जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा का श्रृंगार उनके प्राचीन गहनों, सोने-चांदी के बर्तनों और विशेष सजावट से किया जाता है। इस बार भी भारी सुरक्षा प्रबंधों के बीच बैंक लॉकर से आभूषण एवं श्रृंगार सामग्री निकालकर भगवान का श्रृंगार किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि

दर्शन हेतु लगाई गई रेलिंग मज़बूती से बांधी जाए,

साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ हो,

सुरक्षा हेतु CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाए,

दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर बड़ी LED स्क्रीन लगाई जाए, जिस पर मंदिर के अंदर के लाइव दर्शन कराए जाएंगे।

ग्वालियर व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने बच्चों से की मुलाकात, दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ

दतिया।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के पश्चात कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने विभिन्न विद्यालयों के बच्चों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएँ व्यक्त कीं।

कलेक्टर वानखड़े ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी।

डबरा में भाजपा की टिफिन गोष्ठी, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने किए पदाधिकारियों का सम्मान

डबरा।
नगर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण जी के मंदिर प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी की #टिफिन_गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवनियुक्त नगर एवं ग्रामीण कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ग्वालियर ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, युवा भाजपा नेता डॉ. विवेक मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कौशल शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष मुकेश गौतम, मंडल अध्यक्ष रामवीर घुरैया, पूर्व पार्षद बलविंदर सिंह, कुलदीप यादव, महेंद्र सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पोषण सिंह रावत, नगरपालिका अध्यक्ष बंटी राजा, अल्पसंख्यक मोर्चा महामंत्री मजीद खान, नरेश पलिया , उपाध्यक्ष शालू शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष हिमांशु परसेडिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस आयोजन में ग्रामीण मंडल डबरा के मंडल अध्यक्ष जसदीप संधू, मंडल महामंत्री जयदेव पलिया एवं सुनील रावत की भी सक्रिय भूमिका रही।

पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दी 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ

डबरा/दतिया।
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने समस्त देशवासियों को 79वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

उन्होंने कहा कि “आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर बलिदानियों को शत-शत नमन। उनका त्याग और बलिदान ही हमारे राष्ट्र की पहचान है।”

डॉ. मिश्रा ने सभी नागरिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान भी किया।