337433pwpadmin

किसानों को डीएपी-यूरिया खाद वितरण में आ रही परेशानी पर विधायक ने सौंपा पत्र

डबरा। किसानों को डीएपी और यूरिया खाद वितरण में आ रही समस्या को लेकर डबरा विधायक सुरेश राजे ने आज एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि बोवनी कार्य प्रभावित न हो।

एसडीएम ने आश्वासन दिया कि किसानों को अति शीघ्र खाद का वितरण शुरू किया जाएगा और आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक श्री सुरेश राजे के साथ श्री अशोक पाराशर, श्री हकीम मंडेलिया, श्री जीतू राजोरिया, लिलाधार बरैइया तथा अब्दुल हुसैन उपस्थित रहे।

दतिया पुलिस की बड़ी कार्यवाही, ₹8.20 लाख कीमत के 20 लोहे के पोल बरामद

दतिया। थाना भांडेर पुलिस ने चोरी गए करीब ₹8.20 लाख कीमत के 20 लोहे के पोल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को 18 चक्का ट्रक सहित गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, दतिया-भांडेर बायपास से लोहे के पोल चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए चोरी गए पोल को गोपालपुरा, जिला भिंड से बरामद किया।

थाना भांडेर पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की सराहना स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आगे भी ऐसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

डबरा विधायक सुरेश राजे ने शोकसभा में दी श्रद्धांजलि

डबरा। क्षेत्र के विभिन्न शोकाकुल परिवारों के बीच आयोजित शोकसभा में विधायक सुरेश राजे ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे स्वयं और पूरा कांग्रेस परिवार परिजनों के साथ खड़ा है।

विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान हो।

दतिया में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले – लोकतांत्रिक न्याय व संवैधानिक अधिकारों की होगी रक्षा

दतिया में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले – लोकतांत्रिक न्याय व संवैधानिक अधिकारों की होगी रक्षा

दतिया। कांग्रेस की ओर से गुरुवार को दतिया में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की गई। इस रैली को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष कर रही है।

रैली में विधायक पंकज उपाध्याय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, पूर्व विधायक घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्री पटवारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान होना चाहिए और लोकतंत्र के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मध्यप्रदेश पुलिस का संदेश

ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग अपहृता 5 घंटे में सकुशल बरामद

दतिया। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत थाना थरेट पुलिस ने सराहनीय सफलता हासिल की है। मात्र 5 घंटे के भीतर अपहृता नाबालिग बालिका को करोंदी माता मंदिर परिसर, थाना रक्शा, जिला झाँसी से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।

घटना विवरण
27 अगस्त 2025 को फरियादी ने थाना थरेट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को झाँसी निवासी अजय कुशवाह बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सायबर सेल दतिया की मदद से थाना प्रभारी थरेट और उनकी टीम ने महज 5 घंटे में अपहृता का पता लगाकर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया।

टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी थरेट उपनिरीक्षक अरविंद भदौरिया, प्रआर विनोद विमल, प्रआर रामजीशरण शुक्ला, आरक्षक राघवेन्द्र सिकरवार, आरक्षक राहुल यादव, महिला आरक्षक नीतू परिहार तथा सायबर सेल दतिया की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करने पर पुलिस टीम की प्रशंसा की है।

डबरा क्षेत्र में खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किसानों को बिना परेशानी मिले खाद : कलेक्टर

डबरा। जिलेभर में चल रहे खाद दुकानों के निरीक्षण अभियान के तहत डबरा क्षेत्र में भी प्रशासनिक टीम सक्रिय रही। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर अपर कलेक्टर एवं स्थानीय राजस्व अधिकारियों ने सहकारी संस्थाओं और निजी खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद की मात्रा, किसानों को वितरण की स्थिति और पंजी संधारण की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद कर जानकारी ली कि उन्हें खाद प्राप्त करने में कोई दिक्कत तो नहीं है।

कलेक्टर चौहान ने स्पष्ट कहा है कि किसानों को खाद लेने में कतई परेशानी नहीं होनी चाहिए। शासन के प्रावधानों के अनुरूप समय पर खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार या अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आरईएस विभाग में गड़बड़ी उजागर, कलेक्टर और सीईओ करेंगे उनाव का दौरा

आरईएस विभाग में गड़बड़ी उजागर, कलेक्टर और सीईओ करेंगे उनाव का दौरा

दतिया। जिले में आरईएस विभाग की मनमानी और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। विभाग के सब इंजीनियर ने मरम्मत कार्य का नाम बदलकर नया इस्टीमेट बना दिया और कार्यपालन यंत्री (EE) आरईएस ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 44 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति (टीएस) जारी कर दी। नियमों के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई के आधार पर टेंडर भी निकाल दिए गए।

सूत्रों के अनुसार, सब इंजीनियर अनिल शुक्ला पर एक साथ तीन-तीन प्रभार हैं। उन्होंने मरम्मत कार्य को नए स्वरूप में दर्शाकर इस्टीमेट तैयार किया। वहीं, EE आरईएस को केवल 10 लाख रुपये तक की टीएस करने का अधिकार है, बावजूद इसके उन्होंने 44 लाख की स्वीकृति दे डाली। नतीजतन, 15 करोड़ रुपये लागत के कई विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे नहीं हो सके और अब अटके पड़े हैं।

इसी सिलसिले में गुरुवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और जिला पंचायत सीईओ अक्षय कुमार तेम्रवाल उनाव पहुंचकर जमीनी हालात का जायजा लेंगे। माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद लापरवाह इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

RASS JB कॉलेज, दतिया में B.Ed. प्रवेश के लिए सिर्फ़ 2 दिन शेष – विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील

दतिया के RASS JB कॉलेज में बी.एड. (B.Ed.) कोर्स में प्रवेश लेने के लिए केवल दो दिन शेष हैं। कॉलेज प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समयावधि में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी अभ्यर्थी का प्रवेश स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रवेश हेतु आवश्यक दस्तावेज़ एवं शुल्क के साथ अभ्यर्थियों को कॉलेज कार्यालय से तत्काल संपर्क करने की अपील की गई है।

👉 प्रबंधन का कहना है कि यह विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है, इसलिए समय रहते प्रवेश लेकर अपनी सीट सुरक्षित करें।

डबरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोसा के ग्रामीणों की मांग

ग्राम पंचायत कोसा (डबरा ब्लॉक) में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंतिम संस्कार के लिए उन्हें दूर-दराज़ जाना पड़ता है।

ग्रामवासियों और सरपंच राम निवास कुशवाह ने संयुक्त रूप से प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत कोसा में शीघ्र ही मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यह उनकी लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है और इस पर प्रशासन को जल्द ध्यान देना चाहिए।

ग्राम पंचायत मेहगांव में खाद वितरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि समिति प्रबंधक द्वारा अंधेरा होने के बाद गोपनीय तरीके से ट्रॉलियों में खाद भरवाई जा रही थी। इस पर ग्रामीण किसानों ने प्रबंधक पर खाद ब्लैक करने का आरोप लगाया।

गुस्साए किसानों ने गोदाम से खाद के कट्टे उठाकर ले गए। स्थिति बिगड़ने पर सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की।

किसानों का कहना है कि समिति प्रबंधक खाद की कालाबाज़ारी में लिप्त है, जबकि इस मामले की जाँच प्रशासन द्वारा की जा रही है।